वनकर्मियों ने तेंदुए को पकड़ने के लिए जाल बिछाया, तीन घंटे तक फंसा रहा,
पास जाने की किसी की नहीं हुई हिम्मत,
फिर भाग गया
उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले में लॉकडाउन के बीच बुधवार सुबह नोनहरा थाना क्षेत्र के शक्करपुर गांव में तेंदुआ दिखाई दिया। जिससे लोगों में दहशत है। सूचना पाकर वनविभाग की टीम मौके पर पहुंची है।ड्रोन कैमरे से तेंदुए के मूवमेंट पर नजर रखी जा रही है। उसे पकड़ने के लिए वनकर्मियों ने जाल लगाया, जिसमें तेंदुआ फंसा।
लेकिन उसके बाद वह जाल से निकलकर आबादी के बीच पहुंच गया है। ट्रेंकुलाइज करने के लिए महाराजगंज से गन मंगाई गई है। बता दें हाल ही में इसी थाना क्षेत्र के सुसुंडी गांव में दो ग्रामीणों पर हमले के बाद लोगों ने एक तेंदुए को पीट-पीटकर मार डाला था।
नोनहरा क्षेत्र के शक्करपुर गांव के लोग बुधवार सुबह करीब पांच बजे खेतों की तरफ गए थे। तभी उन्हें गेहूं के खेतों में तेंदुए की हलचल दिखाई दी। यह देख किसान मौके से भाग निकले और वन विभाग को सूचना दी। मौके पर मौजूद वन विभाग की टीम ने ड्रोन कैमरे से देखे जाने के बाद तेंदुआ होने की पुष्टि की है।
तेंदुए के मूवमेंट के आसपास जाल बिछाया गया। जिसमें तेंदुआ करीब तीन घंटे तक फंसा रहा। लेकिन ट्रेंकुलाइज करने की व्यवस्था न होने के कारण वनकर्मी पास जाने की हिम्मत नहीं जुटा सके।
इसके बाद तेंदुआ जाल से निकलकर शक्करपुर गांव की तरफ चला गया। इसके बाद गांव वाल अपने घरों में दुबक गए। फिलहाल मौके पर मौजूद प्रशासन की टीम मुस्तैद है। मौके पर डीएम ओमप्रकाश आर्य, एसडीएम व क्षेत्राधिकारी फोर्स के साथ मौके पर मौजूद हैं।
जिस इलाके से तेंदुआ गुजरा है, उसके चारों तरफ नाकाबंदी कर दी गई है। ग्रामीण चौकन्ना हैं। तेंदुए को पकड़ने की हर तरकीब अपनाई जा रही है। डीएफओ गिरीश चंद ने बताया कि तेंदुआ पकड़ने के पूरे प्रयास किए जा रहे हैं।
source https://www.bhaskar.com

No comments:
Post a Comment