गिरफ्तार करने वाले दो दरोगा समेत पांच पुलिसकर्मी क्वारैंटाइन हुए
उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले में बीते शनिवार को जलीकोठी में हुए पथराव में शामिल एक आरोपी में कोरोना टेस्ट पॉजिटिव पाया गया है। आरोपी को पहले देहली गेट पुलिस ने गिरफ्तार कर अपने थाने में रखा, बाद में उसे सदर बाजार थाना में शिफ्ट कर दिया गया था। हवालात में उसके साथ एक अन्य आरोपित को रखा गया था।
हालांकि, उसकी रिपोर्ट निगेटिव है। इसके खुलासे के बाद दो दरोगा, दो सिपाही व चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी को क्वारैंटाइन किया गया है। दोनों थानों को सैनिटाइज किया गया है।
चार दिन पहले पुलिस टीम पर हुआ था हमला
बीते शनिवार को पुलिस जलीकोठी क्षेत्र में स्वास्थ्य विभाग के साथ कोरोना संदिग्ध को लेने पहुंची थी। इसी दौरान पुलिस पर हमला कर दिया गया था। इस हमले में सिटी मजिस्ट्रेट घायल भी हुए थे। पुलिस ने पत्थरबाजी और हमले के आरोप में कुछ लोगों को हिरासत में लेकर थाना सदरबाजार की हवालात में बंद कर दिया था।
रविवार को जांच के दौरान इनमें से एक व्यक्ति कोरोना पॉजिटिव निकला। जिसके बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया।एडीजी प्रशांत कुमार ने भी थानों का निरीक्षण किया और सभी पुलिस कर्मियों को स्वास्थ्य विभाग की गाइडलाइन के अनुसार डयूटी करने को कहा।
रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद पुलिसवालों को क्वारैंटाइन किया
एडीजी ने बताया कि मेडिकल स्टॉफ, पुलिस कर्मी और सफाई कर्मी आदि में कोरोना संक्रमण फैलने का खतरा है। इसके लिए उन्हें सावधानी बरतने के लिए दिशा निर्देश दिये गए हैं। थाना सदर बाजार में एक पत्थरबाज पकड़ा गया था, जिसकी रिपोर्ट बाद में कोरोना पॉजिटिव आयी। उसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद सदर थाने के दो दरोगा, दो सिपाही और एक चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी को क्वारैंटाइन किया गया है।
पुलिस वालों को मिलेगी पीपीई किट
थानों के लिए पीपीई किट आयी हैं। उन्हें उन स्थानों पर दिया जाएगा जहां कोरोना पॉजिटिव का खतरा अधिक है। इन्हें पहनकर पुलिस कर्मी और अधिक सर्तकता के साथ डयूटी कर सकेंगे। बताया कि लॉकडाउन बढ़ाया गया है, जो दिशा निर्देश है उनके अनुसार सख्ती से पालन कराया जाएगा। पूरे जोन में पुलिस अलर्ट है। लोगों से भी अपील की जा रही है कि वह लॉकडाउन के नियमों का पालन करें। 20 अप्रैल के बाद जहां स्थिति अनुकूल मिलेगी, वहां कुछ शर्तों के साथ जो भी गाइडलाइन आएगी उसके अनुसार छूट दी जाएगी।
No comments:
Post a Comment