ताजनगरी में कोरोना का एपिसेंटर बना पारस अस्पताल, संचालक व मैनेजर पर केस दर्ज,
इटावा तक पहुंचा संक्रमण
ताजनगरी आगरा में पारस अस्पताल कोरोना का एपिसेंटर बन चुका है। इस अस्पताल से अब तक 28 रोगी संक्रमित मिल चुके हैं। जिला प्रशासन ने अस्पताल संचालक डॉक्टर अरिंजय जैन व प्रबंधक एसपी यादव के खिलाफ जानकारी छिपाने के आरोप में केस दर्ज कराया है।यह केस आईपीसी धारा 188, 269, 270, 271 के तहत न्यू आगरा थाने में दर्ज हुआ है। आगरा में अबतक 174 पॉजिटिव केस सामने आए हैं। इनमें 152 तब्लीगी जमाती हैं।
ऐसे हुआ था संक्रमण का खुलासा
मंटोला थाना क्षेत्र के सदर भट्टी की एक महिला का पारस अस्पताल में इलाज हुआ था। वह अस्थमा की पीड़ित थी। लेकिन सेहत में सुधार न होने पर उसे 2 अप्रैल को मथुरा के नयति अस्पताल में शिफ्ट कर दिया गया था।वहां वह संक्रमित पाई गई। इसके बाद आगरा प्रशासन ने पारस अस्पताल को खाली कराया था। अस्पताल के कर्मियों व भर्ती मरीजों का सैंपल लिया गया था। आरोप है कि, अस्पताल के स्टॉफ, भर्ती मरीजों की जानकारी ली गई तो कभी 57 तो कभी 73 बताई गई।
लेकिन जब लोगों को क्वारैंटाइन कराने के लिए बाहर निकाला गया तो संख्या 220 निकली। जिसमें से अब तक 28 संक्रमित मिल चुके हैं।
आसपास के कई जिलों से आए थे मरीज, इटावा में एक संक्रमित मिला
भगवान टॉकीज क्षेत्र स्थित पारस अस्पताल में बीते 22 मार्च से छह अप्रैल तक 96 मरीज भर्ती रहे। इनमें आगरा के 32, मैनपुरी के 17, फिरोजाबाद के 11, हाथरस के 5, इटावा के 7, औरैया के 2, एटा के 10, फर्रूखाबाद के 2, कासगंज के छह, मथुरा के दो और अलीगढ़, कन्नौज के एक-एक मरीज शामिल हैं।शुक्रवार को इटावा में ताखा ब्लॉक के सुतियानी गांव निवासी एक शख्स कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। वह पत्नी का इलाज कराने पारस अस्पताल आया था। प्रशासन ने गांव को सील कर दिया है। इटावा प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि, यदि कोई बाहर से आया है तो वह इसकी जानकारी दे। जिससे कोरोना का प्रसार रोका जा सके।
सफाईकर्मियों पर फूल बरसाए, बांटी खाद्य सामग्री
कोरोना जैसी महामारी के बीच सफाईकर्मी अपना कार्य करते हुए हर वार्ड में दिखाई दे रहे हैं। जिनका सम्मान बढ़ाने के लिए शुक्रवार को कैंट के मुस्तफा क्वाटर चौकी के पास वार्ड 35 कुछ समाजसेवियों ने खाद्य सामग्री बांटकर और माला पहनाकर उनका स्वागत और सम्मान किया।सफाई कर्मियों पर पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत किया गया। पूर्व पार्षद मोहम्मद शरीफ उर्फ बबलू ने कहा- सफाईकर्मियों का योगदान सराहनीय है।
source https://www.bhaskar.com

No comments:
Post a Comment