32 दिनों से घर के भीतर नहीं गया बलिया का कोरोना वॉरियर;
पत्नी ने कहा- मैं बच्चों को संभाल लूंगी, आप देश संभालो
पापा आप घर के अंदर क्यों नहीं आते?......हमें प्यार भी नहीं करते... हम अब पापा बदमाशी नहीं करेंगे। ये अल्फाज सात साल की बच्ची सृष्टि के हैं।सृष्टि के पिता दीनानाथ कोरोना वॉरियर (पुलिसकर्मी) हैं। वर्तमान में उनकी तैनाती उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के फेफना थाने में है। बीते 32 दिनों से वे अपने घर के भीतर नहीं गए हैं।
तीन-चार दिन बाद जब अपनों की याद आती है तो वे घर के बाहर बैठकर खाना खा लेते हैं और हालचाल लेकर वापस अपनी ड्यूटी पर आ जाते हैं।
सात किमी की दूरी पर सिपाही का घर
फेफना थाने में तैनात सिपाही दीनानाथ का आवास महज सात किमी की दूरी पर है। उनकी दो बेटियां हैं। बड़ी बेटी सृष्टि सात साल की, जबकि छोटी बेटी चार साल की है। कोरोना महामारी को मात देने के लिए बीते 22 मार्च को जनता ने खुद पर कर्फ्यू लगाया। इसके बाद से उत्तर प्रदेश में लॉकडाउन है।ऐसी आपदा में पुलिसकर्मियों की ड्यूटी बढ़ गई है। वे अपराध से दो हाथ तो कर ही रहे हैं, लॉकडाउन का पालन करा रहे हैं। यह सबकुछ खुद की जान जोखिम में डालकर किया जा रहा है। क्योंकि पुलिसकर्मियों के लिए अभी कोरोना से समुचित बचाव का कोई इंतजाम भी नहीं हो सका है।
पत्नी कर रही बच्चों का देखभाल
दीनानाथ की पत्नी सावित्री दोनों बेटियों का देखभाल अकेले कर रही हैं। 22 मार्च को जनता कर्फ्यू वाले दिन ही दीनानाथ घर से कपड़ा, ब्रश व अन्य जरूरत का सामान लेकर थाना फेफना के लिए निकल गए थे। अब तीन से चार दिनों में एक बार घर जाते हैं।पत्नी फोन पर ही सब्जी, राशन व जरूरत की चीजें को बता देती हैं, दीनानाथ उसे घर पहुंचा देता है। दीनानाथ कहते हैं कि, दरवाजे पर ही दो रोटी खा लेता हूं। अंदर नही जाता। डर लगता है कि कहीं मेरी वजह से मेरे परिवार को यह बीमारी न लग जाए।
पत्नी ने बढ़ाया हौसला
आम दिनों में थाने पर ही कभी ब्रेड दूध, किसी ने दिया तो रोटी सब्जी खा लेता हूं। ड्यूटी इस घड़ी में मेरे लिए जुनून सा बन गया है। पत्नी भी कहती है कि बच्चो को संभाल लूंगी आप देश को संभाले।पत्नी सावित्री का कहना है मुझे अपने पति पर गर्व है। ये कठिन समय बीत जाएगा।बड़ी बेटी सृष्टि ने बताया पापा घर के अंदर नहीं आते। लाकडाउन के समय से ही बाहर ही खाना खाते और चले जाते हैं।source https://www.bhaskar.com

No comments:
Post a Comment