अभी तक सेफ जोन में रहे प्रयागराज में शुक्रवार को कोरोनावायरस के एक साथ तीन केस सामने आए। इससे पहले यहां इंडोनेशिया का एक जमाती पॉजिटिव पाया गया था, जो अब ठीक हो चुका है। प्रशासन ने संक्रमितों के घर के आसपास एक किमी क्षेत्र को सील करते हुए सैनिटाइजेशन व अन्य प्रक्रिया शुरू की है।
वहीं, राजधानी लखनऊ में अयोध्या हाईवे पर स्थित चंदन अस्पताल में डायलिसिस कराने पहुंचे दो मरीज कोरोना पॉजिटिव पाए गए। हालांकि, स्वास्थ्य विभाग ने अस्पताल को सील नहीं किया है।
चंदन अस्पताल में मिला एक श्रावस्ती जिले का
राजधानी लखनऊ में अब कोरोनावायरस गोमती नगर विस्तार तक पहुंच गया है। शुक्रवार को यहां अयोध्या हाईवे पर स्थित चंदन हॉस्पिटल में दो पॉजिटिव मरीज चिन्हित किए गए। इसमें एक मरीज गोमतीनगर विस्तार का है। जबकि दूसरा श्रावस्ती जिले का है। दोनों किडनी के मरीज हैं और डायलिसिस के लिए आए थे।
अस्पताल ने एक निजी पैथॉलजी में मरीजों का कोविड टेस्ट करवाया। स्वास्थ्य विभाग को संबंधित पैथॉलजी की ओर से पहले ही सूचित किया गया। इसके बाद अस्पताल को सूचना मिली। सीएमओ डॉक्टर नरेंद्र अग्रवाल ने एक टीम अस्पताल भेजी है।
हालांकि, अभी अस्पताल को बंद करने का आदेश सीएमओ द्वारा नहीं दिया गया है। अस्पताल को सैनिटाइज किया जा रहा है। अस्पताल के 35 कर्मियों की जांच होगी।
प्रयागराज में एक साथ मिले तीन पॉजीटिव
वहीं, प्रयागराज में शुक्रवार को गांव व शहर से पॉजिटिव केस सामने आए। जिसके बाद प्रशासन की नींद उड़ गई। जांच के लिए भेजे गए सैंपल में दो शंकरगढ़ व शिवकुटी क्षेत्र से एक युवक की रिपोर्ट पॉजीटिव आई है।
एक साथ तीन नए केस आने के बाद प्रशासन पूरी सख्ती के साथ लॉकडाउन के नियमों का पालन करवाने में जुट गई है। अभी तक प्रयागराज ग्रीन जोन में माना जा रहा था। मगर अब संगम नगरी में पाबंदियां बढ़ाई जा सकती हैं।
डीएम प्रयागराज भानुचन्द्र गोस्वामी ने बताया कि, संक्रमितों के आसपास का क्षेत्र सील कर दिया गया है। परिवारीजनों के भी सैंपल लिए जाएंगे। इससे पहले प्रयागराज में इंडोनेशिया के एक जमाती में संक्रमण मिला था। वह अब ठीक हो चुका है।
उप्र में 1604 केस, आगरा में सबसे अधिक 342 संक्रमित
उत्तर प्रदेश में कोरोना का संक्रमण तेजी से अपने पांव पसार रहा है। अब तक 1604 केस मिले हैं। अब तक 206 मरीजों को डिस्चार्ज किया गया है। 24 की मौत हुई है। आगरा में अब तक 342 केस सामने आ चुके हैं।
शुक्रवार को वाराणसी में छह, सहारनपुर में 19, कानपुर में 19,अमरोहा में एक, फिरोजाबाद में सात, बस्ती में तीन, मथुरा में एक नया पॉजिटिव केस मिले। वहीं, एसएन मेडिकल कॉलेज के चिकित्सक भी कोरोना पॉजिटिव पाया गया।
चिकित्सक 18 अप्रैल को मैनपुरी के करहल स्थित अपने आवास पहुंचे थे। तभी उनकी तबियत बिगड़ी थी। जिसके बाद जांच कराई गई। रिपोर्ट आने के बाद परिवार को क्वारैंटाइन कर दिया गया है। चिकित्सक को अस्पताल में भर्ती किया गया है।
|
No comments:
Post a Comment