फिरोजाबाद में उप्रदवियों के अपनो ने भरा नुकसान का हर्जाना;
चंदा जुटाकर प्रशासन के पास जमा किए चार लाख रुपए
उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले में 20 दिसंबर 2019 को नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) के विरोध में हुई हिंसा के दौरान नुकसान की भरपाई शुरु हो गई है। नालबंद क्षेत्र में उपद्रव के आरोपियों व उनके रिश्तेदारों ने चंदा जुटाकर 4 लाख रुपए जमा किए हैं।यहां हिंसा में 26 नामजद लोगों के खिलाफ 45 लाख रुपए की रिकवरी नोटिस जारी की गई थी। चार मार्च को आरोपियों के घर पर वसूली के नोटिस चस्पा किए गए थे।
उपद्रव की आग शहर के कई इलाकों में फैल गई थी। नैनी ग्लास, जाटवपुरी, नगला बरी और मिश्रित आबादी क्षेत्र उर्वशी चौराहा में जमकर पथराव और फायरिंग हुई। हिंसा में सात लोगों की मौत हुई है।
सीएम योगी ने कहा था- हिंसा में जिन लोगों ने सार्वजनिक निजी संपत्तियों को नुकसान पहुंचाया गया, उसकी भरपाई उन्हीं से की जाएगी। डीएम चंद्र विजय सिंह ने उपद्रव से हुए नुकसान की भरपाई के लिए एडीएम आदित्य प्रकाश श्रीवास्तव को सक्षम प्राधिकारी नामित किया था।एडीएम ने उपद्रव के मुकदमों में नामजद 26 के खिलाफ 45 लाख रूपए की रिकवरी जारी की थी।
चार मार्च को एसडीएम सदर राजेश वर्मा ने पुलिस फोर्स के साथ नालबंद क्षेत्र में आरोपितों के घर वसूली के नोटिस चस्पा किए थे। इसके बाद से आरोपितों में खलबली मच गई। एसडीएम अमीनों की टीम के साथ रविवार को फिर से क्षेत्र में पहुंचे। उन्होंने वसूली के लिए दबाव बनाया तो आरोपितों के स्वजनों और समाज के लोगों ने उन्हें चार लाख रूपए दे दिए। बाकी धनराशि भी जल्द देने का आश्वासन दिया है। एडीएम ने बताया कि वसूली की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
source https://www.bhaskar.com

No comments:
Post a Comment