मुंबई से प्रतापगढ़ जा रही कार को पुलिस ने जब्त किया,
बुखार से तप रही महिला को पहुंचाया अस्पताल
मुंबई से उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जनपद जा रहे कार सवारों को झांसी पुलिस ने गुरुवार रात रोक लिया। वाहन की चेकिंग की गई तो एक महिला बीमार मिली। उसे 102 डिग्री सेल्सियस बुखार था। पुलिस ने कार को कब्जे में लेते हुए बीमार महिला को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया गया। कार सवारों से पुलिस पूछताछ कर रही है।लॉकडाउन के चहले उत्तर प्रदेश की सीमाएं सील कर दी गई हैं। गुरुवार रात इलाइट चौराहे पर पुलिस द्वारा बैरिकेडिंग लगाकर वाहनों की चेकिंग की जा रही थी।
इसी बीच चित्रा चौराहे की ओर से एक सफेद रंग की कार आती दिखाई दी, जिस पर महाराष्ट्र का नंबर अंकित था। पुलिस ने इस कार को रोका तो उसमें कुल 5 लोग सवार थे। इनमें एक वृद्ध महिला भी थी। इस महिला की तबियत खराब देख पुलिस ने इसकी सूचना जिलाधिकारी के कंट्रोल रूम को दी।
वहां से तत्काल स्वास्थ्य विभाग को सूचित किया गया। इस पर डॉ. सतीश चंद्रा के नेतृत्व में टीम इलाइट चौराहे पर पहुंच गई। महिला की थर्मल स्क्रीनिंग की गई तो उसे 102 डिग्री बुखार पाया गया। इस पर एंबुलेंस बुलाकर उसे मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया। कार सवारों ने बताया कि वे महाराष्ट्र से आ रहे हैं तथा अपने गृह जनपद प्रतापगढ़ जा रहे थे।
source https://www.bhaskar.com

No comments:
Post a Comment