बाग की रखवाली करने खेत गए किसान की सिर कुचलकर हत्या;
पुलिस के हाथ नहीं लगे कोई ठोस सुराग
उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले में नलकूप में सो रहे बुजुर्ग किसान की हत्या कर दी गई। वह नलकूप में रहकर अमरूद व कटहल के बाग की रखवाली करता था।सुबह घर वाले खाना लेकर पहुंचे तो शव देख हैरान रह गए। किसान के सिर पर किसी भारी वस्तु से कई बार हमला किया गया था। यह मामला पूरामुफ्ती थाना क्षेत्र के फतेहपुर गांव का है। मौके पर पहुंची पुलिस ने साक्ष्य जुटाए हैं।
फतेहपुर गांव के रहने वाले इंद्र नारायण पांडेय उर्फ बब्बू पंडित (65) रोज की तरह घर से गुरुवार की रात 8 बजे खाना खाकर नलकूप में सोने गए। नलकूप के पास ही उनकी अमरूद व कटहल का बाग है।
जिसकी रखवाली वह हमेशा किया करते थे। सुबह इंद्र नारायण घर नहीं पहुंचे तो परिवार के लोगों को चिंता हुई। नलकूप पहुंच कर देखा तो वे मृत अवस्था में चारपाई पर खून से लथपथ मिले।
घटना की सूचना घरवालों ने पूरामुफ्ती पुलिस को दी। एसपी, एडिशनल एसपी, सीओ पुलिस बल के साथ घटना स्थल पर पहुंचे। अफसरों ने मौके पर फिंगर एक्सपर्ट, डॉग स्क्वॉयड की टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाए गए।
परिवार के लोगों ने किसी से रंजिश होने से इंकार किया है। ग्रामीणों का कहना है कि इंद्र नारायण बेहद सीधा-साधा व्यक्ति था। कोई दुश्मनी किसी से नहीं थी। परिवार में उसके दो बेटे गुजरात में कमाते हैं और उनका एक बेटा घर पर ही रहकर मां-पिता की देख-भाल करता है।
एसपी अभिनन्दन ने बताया कि, घटना स्थल का मुआयना किया गया है। हत्या के पीछे प्रारंभिक जांच में कोई भी ठोस कारण खुल कर सामने नहीं आया है। फॉरेंसिक टीम व स्थानीय पुलिस जांच कर रही है। जल्द ही मौके से मिले साक्ष्यों व बयानों का विश्लेषण कर घटना का खुलासा करेंगे।
source https://www.bhaskar.com

No comments:
Post a Comment