24 घंटे में 98 नए केस व 3 की मौत; मेरठ में कई भाजपा नेता क्वारैंटाइन,
काशी विश्वनाथ कॉरिडोर का काम शुरू
उत्तर प्रदेश में कोरोनावायरस का ग्राफ तेजी से बढ़ रहा है। गुरुवार दोपहर से शुक्रवार सुबह तक98 नए केस सामने आए और तीन की मौत भी हुई है।इनमें मेरठ, कानपुर व नोएडा के 1-1 संक्रमित शामिल हैं। मेरठ में मृतक भाजपा नेता के पीएसओ का पिता है। इसके बाद जिले के सांसद, विधायक समेत कई लोग क्वारैंटाइन हो गए हैं।
राज्य में संक्रमण से मरने वालों का आंकड़ा 25 पहुंच गया है। वहीं, यूपी में अब तक 1555 संक्रमित मिल चुके हैं। इस बीच योगी सरकार ने आमजनों को सहूलियत देने के लिए आईसीएमएआर से तय निजी लैब से टेस्ट करवाने का शुल्क तय किया है। यदि केस निगेटिव आए तो लैब अब सिर्फ 1500 रुपए ही वसूल पाएंगे।
सिंगल किट से टेस्ट का भी दाम तय
योगी सरकार ने निजी लैब में कोविड-19 का टेस्ट करवाने का शुल्क निर्धारित कर दिया है। आईसीएमआर की ओर से यह शुल्क 4500 रुपए निर्धारित है। लेकिन इसे दो भागों में बांट दिया गया है। पहले टेस्ट में 1500 और उसमें पॉजिटिव आए तो कन्फर्म टेस्ट के 3000 रुपए से अधिक लैब नहीं ले सकती। ऐसे में अगर कोई पहले टेस्ट में ही निगेटिव आए तो महज 1500 रुपए ही देने होंगे। इसके अलावा जो लोग सिंगल किट से टेस्ट कर रहे हैं, उनके 2500 रुपए ज्यादा नहीं वसूल सकते।कोरोना अपडेट्स...
- अयोध्या: जिले में 25 वर्षीय गर्भवती महिला कोरोना पॉजिटिव मिली है। डीएम अनुज कुमार झा ने बताया- प्राइवेट पैथॉलजी ने महिला का सैंपल लिया था। उसमें महिला कोरोना पॉजिटिव निकली। महिला को क्वारैंटाइन कर उसकी दोबारा जांच करवाई जा रही है। उसे सुल्तानपुर भेजा जा रहा है।
- बहराइच: गुरुवार को जिले में आठ संक्रमित मिले थे। प्रशासन ने इनकी ट्रेवेल हिस्ट्री खंगाली तो एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। गुलामअलीपुरा मोहल्ला निवासी एक महिला ने गाजियाबाद से लौटने के बाद घर में पार्टी दी थी, जिसमें 50 लोग शामिल हुए थे। अब प्रशासन ने पार्टी में शामिल होने वाले और उनके संपर्क में आए लोगों की तलाश शुरू कर दी है। कोरोना पॉजिटिव महिला के घर हुई पार्टी में खाना बनाने वाली रसोइया को भी परिवार के साथ क्वारैंटाइन कर दिया गया है। सीएमओ डॉक्टर सुरेश सिंह ने बताया कि रसोइए के अलावा महिला के संपर्क में आए 24 लोगों की जानकारी मिली है।
- आजमगढ़: पिछले माह शादी करने वाले एक जोड़े के कोरोना पॉजिटिव निकलने के बाद आजमगढ़ के बदरहा क्षेत्र में हड़कंप है। दरअसल, बदरहा के छतरपुर गांव में एक युवती की 23 मार्च को राजस्थान के गंगापुर जिले के हनुमानगढ़ निवासी युवक से शादी हुई थी। लॉकडाउन के कारण दूल्हा शादी के बाद ससुराल में ही रुक गया था। 14 अप्रैल को वह लॉकडाउन के बावजूद दुल्हन के साथ राजस्थान के लिए निकल गया। दोनों किसी तरह 18 अप्रैल को राजस्थान की सीमा पर पहुंचा तो सुरक्षाकर्मियों ने उनका मेडिकल चेकअप कराया। इसमें दोनों कोरोना पॉजिटिव पाए गए। डीएम एनपी सिंह ने बताया कि, लड़की के परिवारीजनों के सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं। गांव स्वास्थ्य विभाग की टीम तैनात कर दी गई है।
- कानपुर: जिले में अनवरगंज हॉटस्पॉट है। यहां अनवरगंज थाने में तैनात हेड कांस्टेबल कोरोना संक्रमित मिला है। इससे अन्य पुलिसकर्मियों में संक्रमित होने का डर है। स्वास्थ्य विभाग ने कांस्टेबल के संपर्क में आए थाना प्रभारी, दो दरोगा समेत 14 पुलिस वालों के सैंपल जांच को भेजे हैं।
- झांसी:मोंठ थाना क्षेत्र में गुरुवार को पुलिस ने कोरोना वारियर्स के रूप में ड्यूटी निभा रहे दो लेखपालों की पिटाई कर दी। घटना में एक लेखपाल बुरी तरह जख्मी हो गया। दोनों लेखपाल ग्रामीण क्षेत्रों में खाद्यान्न वितरण की ड्यूटी में लगाए गए थे। घटना के बाद एसडीएम मोंठ ने सीओ मोंठ को पत्र लिखकर मारपीट के दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा है। सीओ मोंठ अभिषेक राहुल ने बताया कि घटना के सम्बंध में दारोगा के खिलाफ प्रार्थना पत्र मिला है। जांच के बाद विधिक कार्रवाई की जाएगी।
- वाराणसी: लॉकडाउन में विश्वनाथ मंदिर कॉरिडोर का काम शुरू कर दिया गया है। मुख्यकार्यपालक अधिकारी विशाल सिंह ने बताया कि 150 मजदूरों और 10 इंजीनियर से काम शुरु हुआ है। पूरे इलाके में किसी बाहरी का प्रवेश नहीं है। ये सभी मजदूर जनवरी से ही यहीं रह रहे हैं। तीन शिफ्ट में काम चल रहा है। मैटेरियल भी पूरा अंदर ही रखा गया है। इसके अलावाचोरी छिपे शराब की बिक्री की शिकायतों के आधार पर प्रशासन ने गुरुवार देर शाम तक 22 गोदामों और 110 दुकानों को सील कर दिया गया।

भाजपा नेता के पीएसओ के पिता की संक्रमण सेमौत
मेरठ में भाजपा के महानगर अध्यक्ष के पीएसओ के पिता की गुरुवार की देर रात अस्पताल में मौत हो गई। दो दिन पूर्व उनकी कोरोना पॉजिटिव रिपोर्ट आई थी। 21 अप्रैल को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जिला सर्विलांस अधिकारी डॉ. विश्वास चौधरी ने बताया कि, साबुन गोदाम निवासी इस व्यक्ति के दो बेटे भी कोरोना पॉजिटिव आए हैं, उन्हें भी बुधवार को भर्ती कर इलाज शुरु कर दिया गया है।महानगर अध्यक्ष को भी पूरे परिवार के साथ क्वारैंटाइन किया गया है। इसके अलावा सांसद, विधायक और पार्टी के अन्य कई नेता होम क्वारैंटाइन हो गए हैं। उन्होंने बताया कि मृतक डायबिटीज का मरीज भी था। काफी समय से यह बीमार चल रहा था।
source https://www.bhaskar.com

No comments:
Post a Comment