मक्का से वापस लौटने पर मुंबई में लगी थी क्वैरंटाइन की मुहर;
घर आने पर इत्र से मिटाया, बाद में मां-बेटे मिले संक्रमित
जिले में सऊदी अरब के मक्का से उमरा करके लौटी अमरिया गांव की महिला और उसके बाद उसके बेटे में कोरोनावायरस के संक्रमण की पुष्टि हुई थी। मां-बेटे दोनों 36 लोगों के एक समूह के साथ सऊदी अरब से लौटे थे।संक्रमण की पुष्टि होने के बाद सभी को आइसोलेट किया गया है।इस दौरान एक खास बात सामने आई है- इन लोगों ने घर पहुंचने पर हाथों पर लगे होम क्वैरंटाइन की मुहर पर इत्र रगड़कर मिटा दिया था। गांव वालों ने इनके वापस लौटने की खबर स्वास्थ्य विभाग को दी थी। उसके बाद नमूने लिए गए तो मां-बेटे के सैंपल पॉजिटिव आए थे।
मुंबई से ट्रेन की जनरल बोगी में आया था समूह
अमरिया गांव का ये 36 सदस्यीय दल 19 मार्च को मुंबई के जरिए अपने गांव लौटा था। नाम न छापने की शर्त पर स्वास्थ्य विभाग के एक अधिकारी ने बताया- मुंबई एयरपोर्ट पर स्क्रीनिंग के बाद सभी को क्वैरंटाइन रहने संबंधी हाथ पर मुहर लगाई गई थी। इन लोगों ने मुंबई से लखनऊ तक हवाई यात्रा करने से परहेज करते हुए ट्रेन से यात्रा की। मुंबई से ये सभी ट्रेन में जनरल बोगी में बैठकर लखनऊ आए और उसके बादटैक्सी व बसों के जरिए गांव पहुंचे।गांव पहुंचने के बाद अधिकतर लोगों ने अपने हाथ पर लगी मुहर को इत्र से रगड़कर साफ कर दिया। यह बात गांव वालों को पता चली तो उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को जानकारी दी। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने गांव पहुंचकर सभी को क्वैरंटाइन रहने का निर्देश दिया। महिला की रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद उसके बेटे व पति का सैंपल लिया गया था। पति का सैंपल टेस्ट निगेटिव आया है।
बाहर से आए लोगों की तलाश जारी
डॉक्टर सीमा अग्रवाल ने बताया- विदेश से आने वाले लोग व उनके संपर्क में जो लोग रहे हैं, उनकी जांच जारी है। इस अभियान में कुल 45 टीमों को लगाया गया है। उमरा कर लौटने वाले 36 लोगों को क्वैरंटाइन सेंटर में रखा गया है। उन सभी गांवों को सैनिटाइज करने की प्रक्रिया शुरू हुई है, जहां के लोग उमरा कर लौटे हैं।लोगों को घरों से बाहर न निकलने की हिदायत दी गई है। अब तक जिले में 99 लोग विदेश से आए हैं। इसमें से 45 लोगों को निगरानी में रखा गया है। अभी तक जिले से कुल 22 सैंपल भेजे जा चुके हैं। जिनमें 16 की रिपोर्ट निगेटिव भी आ चुकी है। जबकि एक युवक की अमान्य आई जांच के लिए दोबारा सैंपल भेजा गया है।
source https://www.bhaskar.com

No comments:
Post a Comment