सीएम ने गाजियाबाद में मेडिकल कॉलेज में तैयारयों को परखा;
मेरठ व आगरा का दौरा रद्द,
योगी ने अपने आवास पर बुलाई हाईलेवल मीटिंग
कोरोनावायरस से निपटने की जमीनी हकीकत की तैयारी जायजा लेने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार सुबह गाजियाबाद पहुंचे। उन्होंने यहां संतोष मेडिकल कॉलेज पहुंचकर आईसोलेशन फेसिलिटी सेंटर का निरीक्षण किया।सीएम ने अफसरों को लॉकडाउन का सख्ती से पालन कराने का निर्देश दिया है। कहा- सड़कों पर बेवजह घूमने वाले लोगों पर प्रभावी तरीके से कार्रवाई की जाए।
आज मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मेरठ व गाजियाबाद जिले का भी दौरा करने वाले थे। लेकिन यह दौरा रद्द कर दिया गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लखनऊ वापस लौटेंगे। यहां सोमवार को दिल्ली में सामने आए तब्लीगी जमात के मामले को लेकर आज अफसरों के साथ बैठक होगी।
सीएम ने दोपहर साढ़े 12 बजे अपने आवास पर कोविड-19 से जुड़ी 11 समितियों की बैठक बुलाई है। यूपी के शेल्टर होम में रखे गए लोगों को क्वारैंटाइन करने के मामले की भी समीक्षा होगी। बैठक में मुख्य सचिव के साथ प्रमुख सचिव गृह, डीजीपी, समितियों के अध्यक्ष व नोडल अधिकारियों को भी बुलाया गया है।
सोमवार को दिल्ली के निजामुद्दीन इलाके में तब्लीगी जमात ने अचानक देशभर के लिए नई मुश्किल खड़ी कर दी। जमात में शामिल तेलंगाना के 6 लोगों की मौत के बाद उत्तर प्रदेश में अलर्ट जारी किया गया है। यहां 19 जिलों के पुलिस अधीक्षकों से कहा गया है कि जमात में शामिल लोगों की पहचान कर उनकी मेडिकल जांच कराई जाए। संभावना जताई गई है कि जमात में राज्य के 157 से ज्यादा लोग शामिल हुए थे।
संविदा कर्मियों को किया गया नजरबंद
सीएम के गाजियाबाद पहुंचने से पहले संतोष मेडिकल कॉलेज में कार्यरत संविदा नर्स इकट्ठा हुईं। सभी ने मानदेय, काम व अन्य समस्याओं को लेकर सीएम से मिलने की इच्छा जताई। लेकिन विरोध की आशंका पर उन्हें प्रशासन द्वारा नजरबंद कर दिया गया।कर्मियों ने कहा- उन्हें 12 हजार सैलरी देकर हर दिन 12 घंटे काम कराया जाता है। कोरोना संक्रमण के चलते स्थाई कर्मी छुट्टी पर हैं। सारा काम संविदा कर्मियों से लिया जा रहा है। प्रशासन ने कर्मियों को न्याय दिलाने का भरोसा दिलाया है।
source https://www.bhaskar.com

No comments:
Post a Comment