घर में लगी आग तो सो रहे बच्चे को बाहर निकालना भूल गए दंपती; झुलसकर मौत,
9 घरों की 5 लाख की गृहस्थी जलकर राख
उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले के रायगंज गांव में बुधवार रात अचानक एक ग्रामीण के घर आग लग गई। जिससे घर के भीतर सो रहे सात साल के बच्चे की झुलसकर मौत हो गई।वहीं, नौ घर अग्निकांड में जलकर राख हो गए। सूचना पाकर पुलिस और फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंच गई। ग्रामीणों की मदद से आग पर काबू पाया गया। अग्निकांड में पांच लाख की संपत्ति का नुकसान होने का अनुमान है।
मामला खैरीघाट थाना अंतर्गत रायगंज गांव का है। गांव के छत्तर पाल के मकान में बुधवार रात अज्ञात कारणों से आग धधक उठी। तेज हवाओं के चलने के कारण आग ने गांव निवासी बुद्धी, पल्लन, बुधई, धर्मेंद्र, इंद्रजीत, फुलवासा, जवाहर लाल, प्रदीप और रमेश के मकान को भी अपने आगोश में ले लिया। आग की लपटों को उठता देख गांव के लोगों ने आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया।
छत्तरपाल का सात वर्षीय पुत्र पुन्नू उर्फ सम्मारी घर में सो रहा था। आग बुझाने और हड़कंप के चलते परिवार के लोग उसे बाहर निकालना भूल गए। आग में जलकर मासूम की मौत हो गई।
सूचना पाकर पुलिस और फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंच गई। ग्रामीणों की मदद से आग पर काबू पाया गया। जिसके बाद मासूम के शव को घर से बाहर निकाला गया। शव बाहर निकाले जाने के बाद परिवार के लोगों का रो-रो कर बुरा हाल था।
प्रभारी निरीक्षक अरुण द्विवेदी ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। अग्निकांड में करीब पांच लाख रूपए की संपत्ति का नुकसान हुआ है।
राहत सामग्री बांटने के निर्देश
नानपारा के उपजिलाधिकारी रामआसरे वर्मा ने बताया कि रायगंज गांव में हुए अग्निकांड के नुकसान का आंकलन किए जाने के लिए तहसील कर्मियों को मौके पर भेजा गया है। कोटेदार की मदद से ग्रामीणों को खाद्यान्न का वितरण कराया जा रहा है। रिपोर्ट मिलने के बाद अहेतुक सहायता भी उपलब्ध करायी जाएगी।source https://www.bhaskar.com

No comments:
Post a Comment